ई एम आई | लीना मल्होत्रा राव
ई एम आई | लीना मल्होत्रा राव

ई एम आई | लीना मल्होत्रा राव

ई एम आई | लीना मल्होत्रा राव

स्टेशन पर उसने सामान के लिए कुली को आवाज दी 
क्योंकि 
उसे ढोने थे अपने पाँव, 
जो उस समय 
उसके सूटकेस से अधिक भारी थे क्योंकि उनके फीतों में पीछे छूटती 
ज्वरग्रस्त बेटी की कराहें बँधी थीं

वह 
रह रह कर 
वह अपने हाथ को थर्मामीटर की तरह झटकने लगता 
सब तपा हुआ था 
मानों बुखार में हो सृष्टि

READ  मैना

जैसे तैसे 
धकियाते हुए 
उसने खुद को गाड़ी में चढ़ाया 
और अनमना सा सीट पर बैठ गया 
द्रुत गति से भागते पेड़ों और पगडंडियों को देखते हुए 
उसने सोचा – काश, बुखार को भी ले आता सूटकेस में बंद कर 
तो इस बियाबान में फेंक देता 
फिर अपने इस भावनात्मक मूर्खतापूर्ण विचार को खारिज करके 
वह मन ही मन ई एम आई को कोसने लगा 
और फोन मिलाकर बिटिया को समझाने लगा 
कि नौकरी है 
जाना पड़ता है 
इसी से चलता है घर-बार 
तुम्हारी पढ़ाई,

READ  बच्चे | कुमार अनुपम

पता नहीं, उधर से उसने क्या कहा 
लेकिन वह 
मेरी बेटी बहादुर है कह कर जोर-जोर से हॅंसने लगा 
जबकि उसकी पेशानी पर बल थे

और उसकी हॅंसी 
होठों से निकलते ही 
बुखार की नीम बेहोशी में डूबी लड़की की तरह लड़खड़ा कर गिर पड़ी

Leave a comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *