किसान की पासबुक | नीरज पांडेय

किसान की पासबुक | नीरज पांडेय

किसान 
की पासबुक के 
पन्ने जल्दी भर जाते हैं 
अउँठे पर लगे स्याही के निशान 
मिटने को होते हैं 
कि फिर लग जाते हैं 
अउँठा हमेशा नीला ही रहता है 
दुनिया में सिर्फ किसान ही है 
जिसकी बनियान का रंग बदलता है 
मिट्टी और पसीने के मेल से बने 
एक बिल्कुल नए रंग में 
उस रंग का नाम नहीं धराया अभी किसी ने 
बनियान की जेब में धरी सारी चीजें 
उसी रंग की हो जाती हैं 
बनियान और पासबुक का रंग 
एक हो जाता है, 
चमेली छाप माचिस 
502 छाप बीड़ी 
और बिन धन की पासबुक 
सब उसी नए रंग में रँग जाते हैं

See also  यह सन्नाटा | विश्वनाथ-प्रसाद-तिवारी

एक दिन आएगा 
जब पासबुक के पन्ने 
उड़कर संसद के रोशनदानों को ढकेंगे 
और पसीने की महक 
वहाँ बहती हवाओं में घुलेगी 
तब संसद के अँधेरे में साँस लेना मुश्किल हो जाएगा 
खाया पिया सब उगिल उठेगा 
हँफरा छूट जाएगा 
संसद वालों का!